वर्ष 2013 की जल प्रलय से तबाह हुई केदारपुरी 2020 तक एकदम बदल जाएगी। अब और तब में वहां किस तरह का बदलाव नजर आएगा, यह केदारधाम आने वाले यात्री भी जान सकेंगे।
तीर्थयात्रियों को भविष्य की केदारपुरी के दर्शन केदारधाम में रखे एक मॉडल के जरिए होंगे। प्रदेश सरकार यह मॉडल तैयार करा रही है। आपदा के बाद से केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य चल रहे हैं। देश दुनिया के लोगों की केदारनाथ के बदले स्वरूप को देखने की जिज्ञासा रहती है।
अकसर यह प्रश्न उठते हैं कि आपदा के बाद केदारपुरी का स्वरूप कितना बदला है। प्रदेश सरकार ने केदारनाथ के भावी स्वरूप की जो कल्पना की है, उसकी झलक मॉडल के जरिए दिखाई जाएगी। केदारधाम में यह मॉडल रखा जाएगा, जिसे देखकर तीर्थ यात्री यह जान सकेंगे कि केदारनाथ का आने वाले तीन चार बरस में क्या स्वरूप होगा। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि केदारधाम में मॉडल दर्शकों के दर्शनार्थ रखा जाएगा।