भगवान आशुतोष के 12 ज्योतिर्लिंगों में एक केदारनाथ धाम में यात्रियों से लूट का एक नया मामला उजागर हुआ है।
कुछ अज्ञात लोग श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की फर्जी रसीद बनवाकर दर्शन के नाम पर यात्रियों से 14 से 20 हजार रुपये तक वसूल रहे हैं। इस मामले में समिति ने अज्ञात के खिलाफ केदारनाथ पुलिस चौकी में मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक एक गिरोह सक्रिय रूप से मंदिर समिति की फर्जी रसीद के सहारे दर्शन कराने के नाम पर प्रति यात्री 2100 रुपये ले रहा है। एक पर्ची से एक साथ छह-सात यात्रियों से 14 से 20 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
शुक्रवार को समिति के कुछ लोगों ने धाम में यात्रियों से अवैध रसीद बरामद की। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। समिति ने इस मामले में केदारनाथ पुलिस चौकी में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।