विवादित दृश्य फिल्म न हटाए जाने के बाद सारा और सुशांत की फिल्म 'केदारनाथ' पर उत्तराखंड में बैन लग गया है। लेकिन इस फिल्म की एडवांस बुकिंग करवाने वाले लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें टिकट का पैसा रिफंड किया जाएगा।
शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म 'केदारनाथ' की एडवांस बुकिंग केवल देहरादून के वसंत विहार स्थित कार्निवाल सिनेमा में थी। लेकिन फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगने के बाद विभिन्न साइटों से फिल्म की बुकिंग हटा दी गई। ऐसे में पहले ही टिकट बुक करा चुके दर्शकों का पैसा अब ऑनलाइन उनके बैंक अकाउंट में रिफंड कर दिया जाएगा।
विकास मॉल कार्निवाल सिनेमा के राहुल ने बताया कि केदारनाथ की एडवांस बुकिंग गुरुवार रात 12 बजे हटा दी गई थी। फिल्म के लिए जितनी भी एडवांस बुकिंग हुई थीं, उनके रुपए बुक माई शो से बैंक अकाउट में आ जाएंगे। इस संबंध में बुक माई शो को हमारे द्वारा मेल किया गया है।