- जौनसार बावर स्थित तीन विद्यालयों की सुधर रही दशा
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। जौनसार बावर के कालसी, कोरुवा और त्यूणी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की दशा सुधारने की जिला प्रशासन की कवायद धरातल पर उतर गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका लाभ छात्राओं को मिलने लगा है। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों की जानकारी देने के साथ जरूरत के हिसाब से अन्य सुविधाएं भी बढ़ाने की बात कही है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने उनमें आवश्यक सामान उपलब्ध कराने की बात कही थी, जिसे पूरा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आवासीय विद्यालयों में डिजिटल बोर्ड, 100 कुर्सी-मेज, 16 सीसीटीवी कैमरे, 30 रूम हीटर, चार वाटर प्यूरीफायर, रोटीमेकर, इंटरनेट कनेक्शन वाईफाई के साथ, 19 डाइनिंग टेबल और 150 कुर्सी उपलब्ध करा दी गई है। विद्यालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर व सफाईकर्मी रखे गए हैं जिनके मानदेय के लिए चार लाख रुपये प्रतिवर्ष मानदेय उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा 150 कुर्सी, 50 डबलडेकर बेड व सात गीजर विद्यालयों को भेजे जा रहे हैं। उधर चार वाशिंग मशीन, एक रेफ्रीजरेटर, इनवर्टर, 10 सीसीटीवी कैमरे, 150 जोड़ी ट्रैक सूट, जूते, दो सेनट्री मशीन खरीदने की प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में संसाधन व सुविधा बढ़ाने के लिए 34.24 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई है।