- प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी अपना ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा।
- कोई भी अधिकारी-कर्मचारी अनावश्यक मोबाइल को प्रयोग नहीं करेगा।
- ड्यूटी के दौरान नशे का सेवन करते मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
- यातायात प्लान के हिसाब से वाहनों को उनकी दिशा में भेजा जाए।
- बॉर्डर पर कांवड़ वाहनों की चेकिंग सख्ती से की जाए।
अच्छा हो पुलिस का रिस्पांस टाइम
किसी भी घटना की सूचना मिलने पर वहां पहुंचने के लिए पुलिस का रिस्पांस टाइम अच्छा होना चाहिए। कर्मचारी किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रण में करने का प्रयास करेंगे। उच्चाधिकारियों को भी सूचित करेंगे। जोनल पुलिस अधिकारी एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संभ्रांत व्यक्तियों एवं एसपीओ के साथ मीटिंग कर वहां की व्यावहारिक समस्याओं एवं कठिनाइयों के बारे में जानेंगे।
ड्यूटी पर तैनात किए गए पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि कोई भी पुलिस कर्मचारी राष्ट्रीय राजमार्ग या अन्य मार्गों पर वाहनों को पार्क नहीं होने देंगे। जिन स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है, उन्हीं स्थानों पर वाहनों को भेजेंगे, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो पाए।
जीरो जोन में नहीं ले जाएंगे अधिकारी वाहन
हरकी पैड़ी जीरो जोन क्षेत्र में कोई भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अपने निजी और सरकारी वाहन से नहीं जाएगा। नगर क्षेत्र में भीमगोड़ा बैरियर, पोस्ट आफिस तिराहा एवं हरकी पैड़ी के क्षेत्रों में पुलों पर तैनात पुलिसकर्मी ठेली या हाथ में सामान बेचने वालों को हरकी पैड़ी की ओर जाने से रोकेंगे। हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्थित पुलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा और पुलों से नदी में छलांग लगाने वालों को रोका जाएगा।