पंचक खत्म होते ही भारी संख्या में हरिद्वार पहुंचे कावंड़ियों ने पुलिस को ट्रैफिक प्लान फेल हो गया। आनन फानन में पुलिस ने शुक्रवार शाम को कांवड़ पटरी पर यात्रा बंद कर उसे हाईवे पर शिफ्ट कर दिया। लचर प्लानिंग की वजह से कई सालों के बाद मेले के शुरूआती चरण में पटरी हुई है।
हाईवे पर यात्रा संचालित होने से भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से रोक दी गई है। हरिद्वार पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के निर्देश पर नई व्यवस्था बनाई गई है। शुक्रवार को बड़ी तादात में कांवड़िए पहुंचने से पुलिस ने पटरी पर यात्रा संचालित करने पर हाथ खड़े कर दिये। दिन में रेलवे के लाल पुल से पटरी की तरफ जा रहे कांवड़िए खुद हाईवे पर शिफ्ट होना शुरू हो गए।
कावंड़ियों के जबरन हाईवे में घुसने के बाद पुलिस बेबस हो गई। पटरी के साथ हाईवे पर व्यवस्था बनाने में पुलिस बलों के पसीने छूटने लगे। इससे पहले की व्यवस्था पूरी तरह से चौपट होती, पुलिस प्रशासन ने पटरी को बंद कर केवल हाईवे को यात्रा के लिए खोलने का आदेश दिया।
देर शाम से पुलिस ने कांवड़ियों को पटरी से हटाकर हाईवे पर चलाना शुरू कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन के निर्णय से पटरी पर भंडारे लगाने वालों में भारी रोष है। अभी उनके पास 6 दिन की खाद्य सामग्री है, जिसे पटरी बंद होने से दूसरी जगह शिफ्ट करना आसान नहीं।
बड़ी कांवड़ों के आने से पटरी पर आवाजाही धीमी हो रही थी। इससे हाईवे और पटरी दोनों तरफ पुलिस बल जुटना पड़ रहा था। अब शहर से बाहर पुल जटवाड़ा के बाद कांवड़ को हाईवे पर ले जाने का निर्णय लिया गया है।
- टीसी मंजूनाथ, एसपी ट्रैफिक