रुड़की के समीप मक्खनपुर गांव में शनिवार रात एक ढाबे से कांवडिए का सामान चोरी हो गया। गुस्साएं कांवड़ियों ने ढाबे पर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। घटना को लेकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हरियाणा करनाल के इंद्री गांव निवासी सोनू, राजू और सूरज आदि कांवड़िए हरिद्वार जल लेने गए थे। शनिवार रात को इन कांवड़ियों का जत्था मक्खनपुर गांव पहुंचा। रात के समय कांवड़िए एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके।
बताया गया है कि यहां पर किसी ने कांवड़ियों का सामान चोरी कर लिया। पता चलते ही कांवड़ियों ने ढाबे पर हंगामा किया। कांवड़ियों का हंगामा करते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ढाबे मालिक से भी कांवड़ियों की कहासुनी हो गई।
इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। बताया गया है कि कांवड़ियों के सारे पैसे चोरी हो गए थे। ग्रामीणों ने कुछ पैसा एकत्र कर कांवड़ियों का सहयोग दिया। जिसके बाद कांवड़िए वहां से रवाना हुए।
हिरासत में लेकर पूछताछ
चौल्ली गांव से चोरी हुई एलसीडी के मामले में पुलिस ने एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। गांव निवासी इनाम के घर से एक माह पूर्व एलसीडी चोरी हो गई थी।
रविवार को उसने अपने पड़ोसी के यहां पर एलसीडी देखी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एलसीडी कब्जे में लेकर व्यक्ति से पूछताछ शुरू कर दी है।