विकासनगर। कालसी स्थित अशोक शिलालेख को बौद्धिक सर्किट से जोड़ा जाएगा। यह बात सिंचाई और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पुल नंबर-1 के समीप लघु सिंचाई विभाग के उपखंड कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने विकासनगर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास योजनाओं का भी शिलान्यास किया।
सिंचाई और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों से सिंचाई की नई तकनीक से जुड़ने का आह्वान किया। कहा कि पहाड़ी इलाकों में ऐसी तकनीक की इस्तेमाल की जरूरत है, जिससे पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि कालसी का पुरातन इतिहास रहा है। ऐसे में अशोक शिलालेख को बौद्धिक सर्किट से जोड़ा जाएगा ताकि अधिक से अधिक पर्यटक भारत के गौरवशाली इतिहास से जुड़ सकें। उन्होंने सीमांत क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की बात भी कही। पर्यटन मंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढे़ंगी तो देश की सीमा भी सुरक्षित रह सकेगी। उन्होंने कहा कि शीतकाल में चार धाम यात्रा बंद हो जाती है। ऐसे में सरकार की योजना शीतकाल में भी चारधाम यात्रा को सुचारु बनाए रखने की है, जिस पर काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर और विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी विचार रखे। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा, ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह बिट्टू, अरुण मित्तल, नीरज चौहान और नरेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।
इन योजनाओं का किया शिलान्यास
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कटापत्थर, पृथ्वीपुर, जामनखाता, लखनवाला, तेलपुरा, टी-कट, लांघा और पसोली की क्षतिग्रस्त नहरों के पुनर्निर्माण योजना, तेलपुर नहर के आधुनिकीकरण कार्य, उदियाबाग, करोंदी नाला और जमीनपुर तप्पड़ की जल निकासी योजना का शिलान्यास किया। उन्होंने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरियावाला नहर के पुनरोद्धार, तेलपुरा नहर सेवा मार्ग के आधुनिकीकरण/नवीनीकरण का भी शिलान्यास किया।