पहला दल कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए 12 जून को काठगोदाम से रवाना हुआ था। दल में कुल 58 यात्री थे। इनमें 49 पुरुष और नौ महिलाएं शामिल थीं। मंगलवार को अल्मोड़ा से रवाना हुआ यह दल पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे काठगोदाम स्थित पर्यटक आवास गृह पहुंचा जहां पर्यटक आवास गृह प्रबंधक रमेश पांडे, निगम के वरिष्ठ व्यवसाय प्रबंधक दीपक पांडे आदि ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर तिब्बती रिफ्यूजी फाउंडेशन के अध्यक्ष पेमा सिथर, तिब्बती मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष सेरिंग धुंडप, तिब्बती युवा कांग्रेस के अध्यक्ष लोप संगसोपा व तिब्बती महिला संगठन की अध्यक्षा लगीओमो ने सभी तीर्थ यात्रियों को दुपट्टा और धार्मिक ग्रंथ भेंट कर उनका स्वागत किया।
दूसरे दल ने भी पूरी की कैलाश मानसरोवर यात्रा
कैलाश मानसरोवर की परिक्रमा पूरी कर दूसरे दल के 45 यात्री तकलाकोट से वापस गुंजी पहुंच गए हैं। चौथे दल के यात्री तकलाकोट पहुंचे।आईटीबीपी सातवीं वाहिनी नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार दूसरे दल के यात्रियों को चीनी सुरक्षा एजेंसियों ने सुबह 7.30 बजे लिपुपास में आईटीबीपी के सुरक्षा दस्ते के सुपुर्द किया। चौथे दल के 59 तड़के नाभीढांग से रवाना होकर लिपुपास पहुंचे। यात्रियों को आईटीबीपी के सुरक्षा दस्ते ने लिपुपास में चीनी एजेंसियों के सुपुर्द किया। यात्री 11.30 बजे तकलाकोट पहुंच गए। तीसरे दल के 56 सदस्य मंगलवार को डेरापुक से यमद्वार होते हुए जोंगजीबू पहुंचे। यहां से यात्रियों की कैलाश परिक्रमा शुरू हो गई है। 56 सदस्यीय पांचवें दल के यात्री गुंजी से होम स्टे के लिए नाबी गांव पहुंचे हैं। यात्रियों की बुधवार को वापसी में गुंजी में स्वास्थ्य जांच की जाएगी। उच्च हिमालयी क्षेत्र में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
उधर, आदि कैलाश यात्रियों के दूसरे दल के 21 यात्री (12 पुरुष और नौ महिलाएं) यात्रा पूरी कर लौट आए हैं। यात्रियों का पर्यटक आवास गृह में प्रबंधक दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में निगम कर्मियों ने बुरांश का जूस पिलाकर स्वागत किया।
इस दौरान यात्रियों ने हिमालय बचाओ अभियान की शपथ लेते हुए मानसरोवर स्मृति वाटिका में पौधरोपण किया। इसके बाद यह दल जागेश्वर को रवाना हो गया। इस मौके पर कोर्डिनेटर प्रेम सिंह बिष्ट, जी मुखोपाध्याय, संगीता जोशी, अमिता जिंदल, प्रो. एम डे, गणेश नगरकोटी, वेदप्रकाश, दीपक बिष्ट, नारायण दत्त, संजय, बबलू आदि मौजूद रहे।
दिल्ली से कैलाश मानसरोवर यात्रा को रवाना हुआ छठा दल मंगलवार की दोपहर काठगोदाम स्थित पर्यटक आवास गृह पहुंचा जहां निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने यात्रियों का जोरदार स्वागत किया। अल्प विश्राम और भोजन के बाद यात्री अल्मोड़ा को रवाना हो गए। पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक रमेश पांडे और वरिष्ठ व्यवसाय प्रबंधक दीपक पांडे ने बताया कि छठे दल में कुल 57 यात्री शामिल हैं जिनमें 46 पुरुष और 11 महिलाएं हैं। शाम चार बजे के करीब काठगोदाम से अल्मोड़ा को रवाना हो गया।