भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए अब सारे दल एकजुट होंगे। हमें अपनी शक्ति को इतना बढ़ाना है कि हम उन्हें हरा सकें। विरोधी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने के साथ-साथ देश के विरोध पर उतर आए हैं। विरोध करने वालों में कुछ अंतरराष्ट्रीय शक्तियां भी शामिल हैं।
नड्डा उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बिहार विधानसभा और हैदराबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत का जिक्र प्रमुखता से किया। उन्होंने कहा कि वहां भाजपा को हराने के लिए विरोधी शक्तियां एकजुट हुईं, लेकिन लोगों में मोदी के प्रति लगाव है।
बहुत सारी शक्तियां मोदी और देश के खिलाफ काम कर रही हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय शक्तियां भी हैं। ये सारी शक्तियां हमारे खिलाफ एकजुट होंगी। हमें इन शक्तियों को हराना है। इसके लिए हमें अपना दायरा और बढ़ाना होगा।
नड्डा ने कहा कि हमारे लिए प्रखर राष्ट्रवाद सबसे पहले है। उसके बाद दल है और फिर व्यक्ति है।
विचारधारा हमारी पूंजी है। भाजपा में जो भी जिन भी परिस्थितियों में आया है, उसे यह समझ लेना चाहिए कि वह सही जगह पर है। नड्डा ने एकात्म मानववाद और अंतोदय के महत्व पर भी रोशनी डाली। नड्डा ने केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आत्मनिर्भर भारत समेत कई अन्य योजनाओं के बारे में आंकड़ों के जरिये दावा किया कि इससे समाज के कमजोर, गरीब और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को फायदा हुआ है।
उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में फ्रांस और अमेरिका जैसे बड़े राष्ट्र फैसले नहीं ले पाए, लेकिन पीएम मोदी ने लॉकडाउन लगाकर आह्वान किया कि जान है तो जहान है। पीएम मोदी और भाजपा का सशक्त होना राष्ट्र की आवश्यकता है। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि प्रदेश में उनके मार्गदर्शन में पार्टी विधानसभा चुनाव में 60 सीटें जीतेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आश्वस्त किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और दोबारा सत्ता में आएगी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया।
स्वागत से गदगद हुए नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का राजधानी दून पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हरिद्वार से दून तक मुख्य मार्ग पर मानव श्रृंखला बनाकर खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई जगह सांस्कृतिक छटा भी बिखरेगी। इस अनूठे स्वागत से नड्डा इस कदर मुग्ध हुए कि कुछ स्थानों पर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करने को वाहन से बाहर निकल आए। मोहकमपुर फ्लाईओवर से लेकर बीजापुर अतिथिगृह तक पूरे मार्ग पर कार्यकर्ता कतारबद्ध नड्डा का स्वागत करते नजर आए।
पार्टी नेताओं को सीधा संदेश मैं नहीं हम
नड्डा ने पार्टी नेताओं को मतदाताओं से सीधा संवाद करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वोटर का केवल कार्य कर देना काफी नहीं है, उससे निरंतर बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पद मिल जाने के बाद हममें मैं की भावना नहीं आनी चाहिए। सदैव हम बनकर कार्य करना चाहिए।