देहरादून में हुए महिला पत्रकार किरण जोशी हत्याकांड में विवेचक सीओ ने बुधवार को आरोपी पति और सास के खिलाफ गैर जमानती वारंट के लिए कोर्ट में आवेदन कर दिया है।
पुलिस का दावा है कि एक-दो दिन में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। देहरादून के नेहरू कालोनी स्थित सरस्वती विहार में ब्याही सिरमौर, हिमाचल निवासी पत्रकार किरण जोशी की 25 सितंबर को मौत हो गई थी। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति रोबिन जोशी, सास नमिता जोशी और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं। सोशल साइट पर भी किरण की हत्या का मामला इन दिनों गरमाया हुआ है। एसपी सिटी अजय सिंह ने अब की कार्रवाई की समीक्षा करने के बाद गैर जमानती वारंट जारी कराने और कुर्की कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।
दहेज हत्या की जांच कर रहे सीओ डालनवाला अरुण पांडेय ने अब तक हुई दबिश को लिखा-पढ़ी में लेकर बुधवार को कोर्ट में गैर जमानती वारंट के लिए आवेदन कर दिया है। फिलहाल पति रोबिन जोशी और सास नमिता जोशी के खिलाफ वारंट मांगा गया है।
बृहस्पतिवार को उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि दबिश चल रही है। जल्द ही कामयाबी मिलने की उम्मीद है।