प्रभावितों ने की शिकायत- एनटीपीसी परियोजना की सुरंग में हो रही ब्लास्टिंग
जोशीमठ भू-धंसाव के बाद सरकार ने एनटीपीसी की जलविद्युत परियोजना समेत सभी निर्माण कार्यों पर लगाई है। प्रभावितों की मानें तो परियोजना की सुरंग में ब्लास्टिंग की जा रही है। बृहस्पतिवार को जोशीमठ प्रभावितों क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से प्रभावित लोगों ने ब्लास्टिंग करने की शिकायत की है।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने जोशीमठ शहर के सिंहधार, नृपसिंह मंदिर, गांधीनगर, जेपी कॉलोनी (मारवाड़ी) आदि स्थानों में भू-धंसाव की जद में आए मकानों का निरीक्षण किया। इसके बाद नगर पालिका और गुरुद्वारे में चल रहे राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभावित परिवारों ने महाराज को अवगत कराया कि एनटीपीसी परियोजना की सुरंग में आपदा के बाद भी काम चल रहा है। आज भी सुरंग के अंदर ब्लास्टिंग की जा रही है। इस पर महाराज ने मुख्यमंत्री से दूरभाष पर बात कर प्रभावितों की शिकायतों से अवगत कराया।
महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाए। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी अनावश्यक रूप से जोशीमठ में कमरे न घेरे। जिन अफसरों की आवश्यकता है, वही रुकें। इससे प्रभावित परिवारों को अस्थायी विस्थापन के लिए कमरे उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रभावितों को 50-50 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी गई है। क्षति का आंकलन करने के बाद सरकार पूरी मदद करेगी।