भू-धंसाव से सबसे ज्यादा प्रभावित मनोहर बाग के रोहित परमार के परिवार को प्रशासन ने जिस होटल में ठहराया था वहां रविवार रात खाना नहीं मिलने पर पूरा परिवार सड़क पर आ गया और हंगामा करने लगा। सूचना पर पहुंची एसडीएम ने प्रभावित परिवार की दूसरे होटल में व्यवस्था की तो वे शांत हुए।
रविवार को रात करीब 9:30 बजे रोहित परमार अपनी मां, पत्नी, दो बच्चों, भाई गोल्डी परमार, भाभी व उनके दो बच्चों के साथ नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंच गया। रोहित ने वहां से गुजर रहे प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों को रोका और उनकी उचित व्यवस्था करने की मांग की।
विज्ञापन
रोहित ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने जिस लॉज में उन्हें ठहराया है वहां खाने की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे पूरा परिवार भूखा है। उन्होंने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया। बाद में मौके पर पहुंची जोशीमठ की एसडीएम कुमकुम जोशी ने प्रभावित परिवार के सदस्यों को नगर के समीप ही एक होटल में ले गई और उन्हें वहां ठहरने व खाने की व्यवस्था की। इसके बाद पीड़ित परिवार शांत हुआ।
24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
भू धंसाव पीड़ित परिवारों के लिए प्रशासन की और से सीएमओ चमोली डा. राजीव शर्मा ने पीड़ितों को 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के दिशा निर्देश दिए हैं। अब टीम मेडिकल चेकप और दवा वितरण की हर संभव मदद कर रही है। जोशीमठ के सभी रिलीफ सेंटर में प्रभावित परिवारों के सदस्यों का मेडिकल चेकप सहित बीपी, शुगर, सहित दवाई वितरण की जा रही है।