आईएफएस अधिकारी संजीव चतुर्वेदी विशेष कार्याधिकारी, राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण कार्यालय मुख्य स्थानिक आयुक्त नई दिल्ली के पद पर तैनाती के आदेश जारी कर दिए है।
शुक्रवार को मुख्यसचिव एस रामास्वामी ने संजीव चतुर्वेदी की तैनाती के आदेश जारी किए। तैनाती के दौरान उनके वेतन का आहरण प्रमुख वन संरक्षक के कार्यालय द्वारा किया जायेगा।
इससे पहले गुरुवार को चर्चित आईएफएस अफसर संजीव चतुर्वेदी की तैनाती का आदेश जारी नहीं हो सका। पूरी तैयारी के बावजूद आदेश न जारी होने के पीछे चतुर्वेदी की फाइल न मिलने की चर्चा थी।
सूत्रों की मानें तो बीजापुर स्थित मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में बृहस्पतिवार देर शाम तक तलाशने के बावजूद फाइल नहीं मिली थी। इस बाबत राज्य के आला अफसरों से भी बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।
हरियाणा से तीन माह पूर्व उत्तराखंड काडर में आए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) संजीव चतुर्वेदी तमाम मामलों में भ्रष्टाचार उजागर करने में संजीव चतुर्वेदी चर्चित रहे हैं। कुछ दिन पूर्व उन्होंने राज्य में विजिलेंस अफसर के पद पर तैनाती भी मांगी थी।इस संबंध में उन्होंने मुख्य सचिव एस. रामास्वामी से मिलकर उन्हें पत्र भी सौंपा था।