पक्षी संरक्षण रिजर्व क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए नेचर गाइड का रोजगार मिलने के रास्ते खुल रहे हैं।
इको टूरिज्म के तहत वन विभाग इन क्षेत्रों के युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण दिला रहा है। इस कड़ी में नैनीताल डिवीजन के नैनादेवी पक्षी संरक्षण क्षेत्र के 25 युवाओं को नेचर गाइड का प्रशिक्षण देने के लिए चयन किया गया। इन क्षेत्रों में सैलानियों की संख्या बढ़ने से क्षेत्रीय लोगों के लिए कारोबार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्य वन संरक्षक (इको टूरिज्म) डा. कपिल जोशी ने बताया कि नेचर गाइड के प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में 8 युवतियां हैं। इन्हें 8 फरवरी से 7 मार्च तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण चूना खाल इको टूरिज्म सेंटर में दिया जाएगा। इसके अलावा हल्द्वानी वन प्रभाग के नंधौर, दून जिले के आसन और हरिद्वार के झिलमिल संरक्षण क्षेत्र के युवाओं को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नेचर गाइड का प्रशिक्षण कैंपा के सहयोग से दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित युवा संरक्षण क्षेत्र में देश-विदेश से आने वाले सैलानियों के लिए गाइड का काम करेंगे। विभाग भी इनका सहयोग लेगा। सैलानियों की संख्या बढ़ने से इन क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार का कारोबार विकसित होगा।