केदारनाथ धाम मंदिर पैदल यात्रा मार्ग पर मोबाइल क्नेटिविटी उपलब्ध कराने वाला रिलायंस जियो पहला ऑपरेटर बन गया है। गौरीकुंड और केदारनाथ धाम के बीच जियो की तरफ से कुल पांच टॉवर लगाए जाने हैं। कंपनी के मुताबिक छोटी लिंचोली, लिंचोली और रूद्रपॉइंट पर तीन टॉवर लगाए जा चुके हैं। अन्य दो टॉवर भी बहुत जल्द सेवा देने लगेंगे।
पूरे यात्रा मार्ग पर 4जी की कवरेज मिलेगी। बताते चलें कि केदारनाथ मंदिर पैदल मार्ग पर किसी भी ऑपरेटर की मोबाइल कनेक्टिविटी न होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी होती थी। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के चेयरमैन अजय अजेंद्र और सी ईओ-बी.डी.सिंह ने रविवार को इस सेवा के शुरुआत की औपचारिक घोषणा की।
चेयरमैन अजय अजेन्द्र ने केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर जियो की मोबाइल कनेक्टिविटी शुरू होने को राहत भरी खबर बताया। साथ ही उम्मीद जताई की अब इमरजेंसी की दशा में प्रशासन जल्द मदद पहुंचा पाएगा। रिलायंस जियो ने सोनप्रयाग जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर एक फुल कैपेसिटी का टॉवर लगाया है।
यह टावर ट्रैफिक बढ़ने की स्तिथि में भी नेटवर्क पर पड़ने वाली अतिरिक्त भार को सहने की क्षमता रखता है और सामान्य रुप से काम करता है। चारधाम यात्रा पर नेटवर्क कवरेज बढ़ाने के लिए जियो की तरफ से 10 अतिरिक्त सॉल्युशन भी लगाए जा रहे हैं। जिससे स्थानीय लोगों और दूसरे राज्यों से आए श्रद्धालुओं को नेटवर्क संबंधी दिक्कतों को सामना न करना पड़े।