लगातार पहुंच रही संगत, बढ़ी रौनक
श्री झंडे मेले के लिए संगत लगातार श्री दरबार साहिब में पहुंच रही है। इससे दरबार साहिब में रौनक भी बढ़ गई है। शुक्रवार को भी संगत के आने का क्रम लगातार जारी रहा। सहारनपुर रोड से श्री दरबार साहिब तक संगत की रौनक दिखाई दी। पंजाब, यूपी, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचे। संगत के ठहरने के लिए एसजीआरआर स्कूल बिंदाल, एसजीआरआर स्कूल तालाब, एसजीआरआर स्कूल राजा रोड, एसजीआरआर स्कूल भंडारी बाग, पटेलनगर सहित दून की सभी प्रमुख धर्मशालाओं में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक दर्जन छोटे बड़े लंगर की व्यवस्था की गई है।
श्री झंडे जी का आरोहण कल, दिनभर चलेगी प्रक्रिया
दून के एतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण रविवार यानी कल होगा। सुबह से ही इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और दोपहर के समय आरोहण किया जाएगा। इसके लिए तैयारियों को अब अंतिम रूप देना शुरू कर दिया गया है। इस बार 94 फीट ऊंचे श्री झंडे जी का आरोहण होगा। श्री दरबार साहिब प्रबंधन का अनुमान है कि इस पल का साक्षी बनने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचेंगे।
विदेशों से भी आएंगे श्रद्धालु, दिए गए निमंत्रण
श्री झंडे जी के आरोहण के साक्षी बनने के लिए विदेशों से भी संगत दून आएगी। इसके लिए श्री दरबार साहिब की ओर से अमेरिका, लंदन समेत विदेशों में 800 से ज्यादा निमंत्रण भेजे है। मेला प्रभारी विजय गुलाटी ने बताया कि विदेशों से श्री झंडे जी आरोहण के साक्षी बनने के लिए संगत पहुंचती है। इसके लिए निमंत्रण भी भेजे जाते हैं। इस बार 800 से ज्यादा निमंत्रण विदेशों में भेजे गए है।