क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर हीरे और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। घटना उस वक्त हुई जब परिवार वृंदावन गया हुआ था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सोसाइटी एरिया के रहने वाले कंचन थापा ने पुलिस को शिकायत की है। वह गत शुक्रवार सास और बेटी के साथ वृंदावन की यात्रा पर गए थे। सोमवार को सुबह छह बजे वापस लौटे तो देखा कि मकान का मेन दरवाजा खुला था। बेडरूम की आलमारी का लॉकर भी खुला मिला। उसमें रखा एक जोड़ी सोने का कड़ा और आठ हजार की नकदी नहीं थी। ऊपर वाले कमरे की आलमारी का भी लॉकर खुला मिला और उसमें 20 हजार नकद और जेवरात चोरी हो चुके थे। इसमें चार सोने के कान के टॉप्स, चार चेन और डायमंड के टॉप्स थे। बिस्तर पर सारा सामान बिखरा हुआ था। बताया कि चोरों ने बिटिया का स्कूल बैग भी नहीं छोड़ा।