राजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के घर के लॉकर से सोने के आभूषण गायब हो गए। महिला मुक्ता आले की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने चोरी हुए आभूषणों के लिए कुछ दिन पहले घर में काम करने आई नई घरेलू सहायिका पर प्रमिला छेत्री संदेह जताया है।
राजपुर पुलिस को दी शिकायत में वासु स्टेट, कैनाल रोड निवासी मुक्ता आले ने बताया कि उन्होंने नौ अगस्त को अपना लॉकर चेक किया था। लॉकर में रखा एक सोने का हार और बड़े आकार के हीरे के दो स्टड ईयररिंग गायब मिले। उनका कहना है कि करीब दस दिन पहले उन्होंने खुद लॉकर साफ किया था और उस समय सभी आभूषण सुरक्षित रखे थे।
शिकायत के अनुसार, घर में काम करने वाली पुरानी घरेलू सहायिका भारती देवी दो से छह अगस्त तक छुट्टी पर थी। इसी दौरान तीन से छह अगस्त तक प्रमिला छेत्री को घरेलू काम के लिए ट्रायल पर रखा गया था। छह अगस्त की शाम काम से असंतुष्ट होने पर उसे आगे काम पर आने से मना कर दिया गया था।
महिला ने पुलिस को बताया कि ट्रायल के दौरान एक समय ऐसा भी आया, जब वह अपनी बुजुर्ग मां और बेटे के साथ घर से बाहर गई थीं। उस दौरान प्रमिला छेत्री घर में अकेली थी। शिकायतकर्ता ने इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए उस पर संदेह जताया है। रायपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।