सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में तैनात कर्मचारी के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और गहने चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार की ओर से थाने में शिकायत की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसओ रायपुर कुंदन राम ने बताया कि शिव सिंह चौधरी निवासी शांति विहार बीएसएफ में पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। इस मकान में उनकी पत्नी व बच्चे रहते हैं। उनकी पत्नी बुधवार दोपहर को बच्चों को लेकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए पटेलनगर स्थित मायके गई थीं। वहां से वह बृहस्पतिवार को लौटीं तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे। शिव सिंह की पत्नी ने पुलिस को बताया कि अलमारी से 40 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए हैं।
एसओ ने बताया कि शिव सिंह की पत्नी ने चोरी हुए सामान की सूची पुलिस को सौंपी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।