- तीन माह पहले खो गई थी सेफ लॉक की चाबी, बिना तोड़े हुई चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के लाइन जीवनगढ़ में बंद घर से जेवर और नकदी की चोरी हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरा की फुटेज से आरोपी की पहचान का प्रयास कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में लाइन जीवनगढ़ निवासी अरविंद चौहान ने बताया कि 10 जनवरी को वह परिवार के साथ अपने पैतृक गांव में दसऊ गए हुए थे। 13 जनवरी को वह अपने घर वापस लौटे। बताया कि उन्होंने देखा की घर से सभी दरवाजे बंद थे। भवन में बनी दुकान को उन्होंने भीतर से सरिये से बंद किया था। घर में सारा सामान मौजूद था। 14 जनवरी को उन्होंने बच्चे की स्कूल फीस जमा करने के लिए अलमारी खोली तो उनके पर्स में रखे 25 हजार रुपये नहीं मिले। उन्हें शक हुआ तो उन्होंने सेफ लॉक को तोड़कर देखा तो उसमें करीब तीन लाख के सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। बताया कि करीब तीन माह पहले सेफ लॉक की चाबी खो गई थी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि जांच की जा रही है।