ग्राम पंचायतों में कथित भ्रष्टाचार के मामले गरमाए
प्रदेश भाजपा कार्यालय में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल के आयोजित जनता दरबार में मंगलवार को ग्राम पंचायतों में कथित भ्रष्टाचार के मामले गरमाए। पहला मामला टिहरी जनपद के कीर्ति नगर ब्लाक का था और दूसरा मामला पौड़ी जिले के रिखणी खाल ब्लाक की बड़खेत मल्ला का। दोनों ही मामलों में विकास की धनराशि में घपला करने की शिकायतें की गईं। इन पर कृषि मंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
लंबे समय के बाद आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी ऊर्बादत्त भट्ट के मुताबिक, करीब चार घंटे तक चले इस कार्यक्रम के दौरान 150 लोगों ने बिजली, पानी, कृषि, उद्यानिकी और विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें की, जिनका कृषि मंत्री ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को आदेश देकर निस्तारण किया। इनमें से 50 से अधिक आर्थिक सहायता से संबंधित प्रकरण थे। इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शादाब शम्स, संजीव वर्मा, अजयेंद्र अजय, सुभाष बड़थ्वाल व अन्य नेता भी उपस्थित थे।
30 लाख खर्च डाले, जमीन पर 20 फीसदी भी काम नहीं
जनता दरबार में पहुंचे सेवानिवृत्त कैप्टन अमीर सिंह पंवार ने मंत्री से शिकायत की कि कांडा बढियारगढ़ ग्राम पंचायत को वर्ष 2014-15 व 2016-17 के दौरान विकास कार्यों के लिए करीब 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई। इस धनराशि से 20 फीसदी भी काम नहीं हुए। इसमें भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए विकास कार्यों का सोशल ऑडिट कराने और तत्कालीन खंड विकास अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। मंत्री ने शिकायत पत्र पर टिहरी के जिलाधिकारी को सीडीओ से जांच कराने के आदेश दिए।
बड़खेत मल्ला ग्राम पंचायत में भी घपले की शिकायत
पौड़ी जनपद के रिखणीखाल ब्लाक की बड़खेत मल्ला ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में गड़बड़ी शिकायत की गई। जनता दरबार में पहुंचे स्थानीय ग्रामीण यशवंत सिंह नेगी ने मंत्री से वर्ष 2012 से 18 तक ग्राम पंचायत को वित्त आयोग के तहत आवंटित धनराशि के खर्च और उससे हुए विकास कार्यों की जांच की मांग की। मंत्री ने पौड़ी जनपद के जिलाधिकारी को जांच के आदेश दिए।
बगैर टेंडर चहेते को दे दिया निर्माण कार्य
धनोल्टी के सकलाना पट्टी स्थित मरोड़ा गांव में राजकीय इंटर कॉलेज के कक्ष निर्माण की कोई निविदा नहीं निकाली गई और चहेते ठेकेदार को काम दे दिया गया। जनता दरबार में स्थानीय ग्रामीण राय सिंह रावत, गोविंद सिंह व सुरेंद्र सिंह नेगी ने मंत्री से प्रकरण की जांच की मांग की। इस पर परियोजना प्रबंधक निगम निर्माण इकाई चंबा द्वारा कराए गए इस कार्य की मंत्री ने जिलाधिकारी को जांच के आदेश दिए।