लालपानी वनबीट स्थित स्मृतिवन में क्षतिग्रस्त सौर ऊर्जा बाड़ को जल संस्थान के अधिकारियों ने दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। इसके लिए वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र बेलवाल ने जल संस्थान को पत्र लिखा है। बता दें कि यह सौर ऊर्जा बाड़ जिला गंगा सुरक्षा समिति के तत्वावधान में अठुर भागीरथी स्वयं सहायता समूह की ओर से है।
जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने बताया कि जल संस्थान की ओर से अर्द्धनगरीय पेयजलापूर्ति के लिए निर्माणाधीन टैंकों के कारण स्मृतिवन की सुरक्षा तारबाड़ क्षतिग्रस्त हो गई थी। तीन मार्च को अमर उजाला ने स्मृतिवन में पौधों को नुकसान पहुंचा रहे मवेशी शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। हरकत में आए जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता ने सहायक अभियंता अरुण विक्रम रावत को निर्देशित कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उच्चाधिकारी के निर्देश मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने स्मृतिवन का निरीक्षण कर उन्हें स्मृति वन में हुए नुकसान का भरोसा दिया है।