ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। झाझरा स्थित पावर सब स्टेशन का 160 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर खराब होने पर वहां ऋषिकेश से मंगवा कर ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि इससे शहर की बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से चलेगी।
पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड) ने झाझरा पावर सब स्टेशन पर 160 और 80 एमवीए क्षमता के दो-दो और 40 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर लगाया गया था। दो साल पूर्व यहां 80 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर जल गया था। इस पर मुख्य अभियंता समेत कई अभियंताओं को आरोप पत्र जारी किए गए। पिछले दिनों झाझरा सब स्टेशन पर 160 एमवीए क्षमता का भी ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे शहर की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। आपूर्तिकर्ता आईएमपी कंपनी ने वारंटी अवधि समाप्त होने पर नया ट्रांसफार्मर देने से इनकार कर दिया है। अधीक्षण अभियंता नीरज पाठक ने बताया कि शहर की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए ऋषिकेश से ट्रांसफार्मर लाने का निर्णय लिया है।
प्रकरण की जांच नहीं कर पाई उच्चस्तरीय टीम
160 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुुं कने के बाद ऊर्जा सचिव राधिका झा ने यूपीसीएल प्रबंधक निदेशक बीसीके मिश्रा, पिटकुल प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल की अगुवाई में उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर रिपोर्ट तलब की है। लेकिन, अभी तक समिति में शामिल निदेशक जांच पूरी नहीं कर पाए हैं।