दक्षिण अफ्रीका की राजनीति में भूचाल लाने वाले गुप्ता बंधु (अतुल गुप्ता, अजय गुप्ता, राजेश गुप्ता) आज यानी शुक्रवार को भी सामने नहीं आए।
आयकर विभाग की जांच की जद में फंसे गुप्ता बंधु शुक्रवार को विभाग के कार्यालय में आने की संभावना थी। वहीं आयकर विभाग ने उनकी उन्हें एक हफ्ते का समय दे दिया है। यह बात आयकर के डायरेक्टर (यूनिट II) सत्यनारायण ताकर ने मीडिया को बताई। उन्होंने कहा कि अगर दिए गए एक हफ्ते के बाद भी गुप्ता बंधु पेश नहीं होते हैं तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अपने वकील और सीए के जरिए आयकर विभाग को गुप्ता बंधुओं की पावर ऑफ अर्टानी दी गई है। फिलहाल, चार्टर्ड अकाउंटेंट की ओर से दिए गए गुप्ता बंधुओं के ब्योरे की आयकर विभाग गहराई से जांच पड़ताल करने में जुटा हुआ है।
शुक्रवार को समन का समय खत्म होने जा रहा है
income tax
गुप्ता बंधुओं के सहारनपुर और देहरादून स्थित आवास पर आयकर विभाग की 14 टीमों ने बीते सप्ताह छापा मारा था। देहरादून में 80 घंटे से अधिक की कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग ने तमाम दस्तावेज जब्त किए थे।
इस दौरान गुप्ता बंधुओं को समन जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने के लिए बुलाया गया था। तीन दिन बाद दिल्ली से गुप्ता बंधुओं के चार्टर्ड अकाउंटेंट देहरादून पहुंचे थे।
उन्होंने गुप्ता बंधुओं की आय-व्यय का ब्योरा उपलब्ध कराया था। आयकर विभाग इसकी जांच कर रहा है। इस बीच, शुक्रवार को समन का समय खत्म हो गया है।
...और प्रॉपर्टी हो सकती हैं अटैच
gupta brothers house
ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी कि गुप्ता बंधु शुक्रवार को देहरादून स्थित आयकर इनवेस्टिगेशन कार्यालय में आ सकते हैं।
आयकर अधिकारियों ने यह भी उम्मीद जताई थी कि गुप्ता बंधु अभी और समय मांगेंगे। इस मामले में गुप्ता बंधुओं का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उनका पक्ष आएगा तो वह भी प्रकाशित किया जाएगा।
गुप्ता बंधुओं के आयकर विभाग के सामने न आने और बेपरवाह होने की स्थिति में आयकर विभाग उनकी और प्रॉपर्टी भी अटैच कर सकता है। फिलहाल, विभाग ने गुप्ता बंधुओं की 31 प्रॉपर्टी अटैच की हुई हैं।