सोमवार को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। दो हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ज्यादातर क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है। इसके चलते प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है।
रविवार को राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। हालांकि कुछ देर के लिए हल्के बादल भी छाए रहे। सुबह और शाम मौसम में ठंडक बढ़ गई है, जिसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ गिरेगी। ज्यादातर क्षेत्रों में दिन में कई दौर की बारिश का भी अनुमान है।
वहीं मैदानी और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट आने की संभावना है। जिसके चलते अगले कुछ दिनों में ठंड और गलन भी बढ़ जाएगी।