तहसील परिसर में जुआ खेलने के मामले में जिलाधिकारी के आदेश के बाद जांच शुरू हो गई है। जांच अधिकारी व त्यूणी की तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने मौके पर पहुंचकर निलंबित राजस्व उप निरीक्षक के साथ जुआ खेलने वाले अन्य लोगों की पहचान व आवश्यक लोगों के बयान लेने का कार्य शुरू कर दिया है।
तहसील परिसर में जुआ खेलने का वीडियो वायरल होने व समाचार पत्रों में खबरें छपने के बाद जिलाधिकारी ने एक राजस्व उप निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ मामले की जांच के लिए त्यूणी तहसीलदार को नामित किया था।
इसी क्रम में तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर जांच का कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने वीडियो में जुआ खेलते दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान करने का कार्य किया। साथ ही उन्होंने इस संबंध में कुछ लोगों के बयान भी दर्ज किए। उन्होंने बताया कि जांच की रिपोर्ट शीघ्र ही उप जिलाधिकारी प्रेमलाल को सौंप दी जाएगी।