कोरोनेशन अस्पताल में मरीज की मौत मामले में फर्जी शपथ पत्र बनाए जाने की जांच अब तक शुरू नहीं हो पाई है। परिजनों ने आरोप लगाते हुए सीएम पोर्टल और सीएमओ को शिकायत की थी।
द्रोणपुरी धर्मपुर निवासी वंशीधर जोशी (86) को सांस की समस्या होने पर दो मई को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। तीन मई को उनकी मौत हो गई। जोशी के बेटे जगदीश ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएम पोर्टल पर शिकायत की। आरोप है कि अस्पताल में 16 मई को जब वह दस्तावेज लेने गए तो उसमें जाली शपथ पत्र भी निकला। इस पर दोबारा से सीएम पोर्टल और सीएमओ को शिकायत की।
जगदीश जोशी ने बताया कि वह डीजी हेल्थ और स्वास्थ्य मंत्री से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक मामले में जांच शुरू नहीं हो पाई है। अस्पताल प्रशासन या सीएमओ की ओर से भी उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है और न ही उनका पक्ष सुनने के लिए बुलाया गया है।
मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम बनाई गई है। टीम के साथ मिलकर 28, 29 मई को जांच की जाएगी। शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना जाएगा। डॉक्टर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
- डॉ. शिखा जंगपांगी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, कोरोनेशन