आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) में विभिन्न पदों के लिए गुपचुप तरीके से चल रहे साक्षात्कार को अभ्यर्थियों ने रुकवा दिया। निवर्तमान सीएमओ के साक्षात्कार कक्ष में होने पर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए और हंगामा किया। सीएमओ ने नियुक्तियां नए सिरे से शुरू करने की बात कही।
सोमवार को एनएचएम के तहत संविदा के आधार पर स्टाफ नर्स के 12, लैब टेक्नीशियन व एएनएम के दो-दो पदों पर सीडीओ हंसा दत्त पांडे की अध्यक्षता में विकास भवन में साक्षात्कार हुआ। साक्षात्कार में स्टाफ नर्स के 12 पदों के सापेक्ष सिर्फ छह लोग, एएनएम में दो पदों के सापेक्ष तीन लोग और लैब टेक्नीशियन में दो पदों के सापेक्ष एक अभ्यर्थी को ही साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। बताया गया कि इन पदों के लिए कई बेरोजगारों ने आवेदन किया था, लेकिन उन्हें साक्षात्कार में शामिल नहीं किया गया।
साक्षात्कार की सूचना मिलते ही कई अभ्यर्थी उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता सतीश सेमवाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे। साक्षात्कार में निवर्तमान सीएमओ डा. केके सिंह के भी शामिल होने पर उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने गुपचुप तरीके से चल रहे साक्षात्कार को निरस्त करने की मांग उठाई। अभ्यर्थी प्रीति गुसांई ने बताया कि उन्होंने स्टाफ नर्स के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया। हंगामा बढ़ता देख निवर्तमान सीएमओ मौके से खिसक गए। वर्तमान सीएमओ डा. जीएस राणा ने नियुक्तियों को फिलहाल रोकने का आश्वासन देकर अभ्यर्थियों को शांत कराया। साथ ही नियुक्ति प्रक्रिया की जांच का आश्वासन भी दिया। यूकेडी प्रवक्ता सतीश सेमवाल ने नियुक्ति एजेंसी की भी जांच की मांग उठाई।
सीडीओ से मिलने गया था : सिंह
चार दिन पूर्व स्थानांतरित हुए सीएमओ डा. केके सिंह ने कहा कि यह नियुक्ति प्रक्रिया उनके कार्यकाल में शुरू हुईं थीं, लेकिन साक्षात्कार से कोई संबंध नहीं है। वे सिर्फ सीडीओ से मिलने गए थे।
राज्य से नामित आउटसोर्सिंग कंपनी को रिक्त पदों की सूची दी गई। कंपनी की ओर से जिले की नियुक्ति समिति के सम्मुख चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए भेजा गया था। कुछ लोगों द्वारा विरोध करने के बाद फिलहाल साक्षात्कार रोक दिया है।
- विवेक गुसांई, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एनएचएम, चमोली
आउटसोर्स कंपनी नियमों को नजरअंदाज कर नियुक्ति कर रही है। इसकी जांच होनी चाहिए। पूर्व में इन पदों पर विज्ञप्ति सार्वजनिक करने व सभी आवेदकों को साक्षात्कार में शामिल करने की मांग डीएम से की गई, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
- नवल भट्ट, भाजपा जिला महामंत्री, चमोली
नियुक्ति प्रक्रिया के तहत चल रहे साक्षात्कार को फिलहाल रोक दिया गया है। मामले की जांच भी की जाएगी।
- हंसा दत्त पांडे, साक्षात्कार कमेटी के अध्यक्ष और सीडीओ, चमोली।