सहसपुर। पुलिस ने हेरोईन के साथ यूपी के अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में हत्या का प्रयास, लूट, चोरी और गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष विनोद राणा ने बताया कि आरोपी फुरकान निवासी लंढौरा गुर्जर, थाना रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर, यूपी को रामपुर चोई आसन नदी के किनारे से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 150 ग्राम हेरोईन बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हेरोईन अपने गांव के पडोसी गांव कंकरकुआ मे रहने वाले नासिर नाम के व्यक्ति से खरीदकर लाया था। बरामद हेरोईन के अंतरराज्यीय स्त्रोतों एवं संपर्कों की जानकारी की जा रही है। इस संबंध में नारकोटिक ब्यूरो व स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी सूचना प्रेषित की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई है। बरामद माल की कीमत स्थानीय बाजार के अनुसार करीब आठ रुपये है। जबकि अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।