देहरादून। स्टाइपेंड बढ़ाए जाने की मांग के लिए दून मेडिकल कॉलेज में इंटर्न का बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। इंटर्न स्टाइपेंड राशि 17 हजार से बढ़ाकर 30 हजार किए जाने की मांग कर रहे हैं। इंटर्न के कार्य बहिष्कार का प्रभाव ओपीडी सहित अन्य विभागों पर पड़ रहा है। हालांकि आकस्मिक विभाग में कार्य बहिष्कार नहीं किया गया है।
सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून के 2021 बैच के इंटर्न से ओपीडी परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर कार्य बहिष्कार शुरू किया था। इंटर्न का कहना था कि उनकी मेडिकल शिक्षा का वार्षिक शुल्क करीब 1.5 लाख है। इसके अलावा अन्य खर्चे भी हैं लेकिन उन्हें स्टाइपेंड के रूप में मात्र 17 हजार का भुगतान किया जाता है। यह राशि भी उन्हें प्रतिमाह नियमित रूप से नहीं मिल रही है जिससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इंटर्न लंबे समय स्टाइपेंड राशि बढ़ाकर 30 हजार किए जाने की मांग कर रहे हैं। दून मेडिकल कॉलेज में करीब 150 इंटर्न विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं।