देहरादून में ओएनजीसी के सहयोग से बनाए जाने वाले राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण का कार्य राज्य स्थापना दिवस से शुरू कर दिया जाएगा।
दिल्ली में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की अध्यक्षता में आयोजित स्टेडियम की गवर्निंग बॉडी की बैठक में स्टेडियम के डिजाइन को मंजूरी दे दी गई।
9 नवंबर से कार्य होगा शुरू
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर निर्माण कार्य शुरू होगा। निर्माण एजेंसी के चयन की प्रक्रिया का कार्य अक्टूबर के अंत पूरा कर लिया जाएगा।
स्टेडियम की डिजाइन और मास्टर प्लान की स्वीकृति के साथ ही इंजीरियरिंग और निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई। स्टेडियम का डिजाइन बनाने वाली कंपनी ने प्रस्तुतीकरण दिया। यह स्टेडियम देहरादून के रायपुर क्षेत्र में ओएनजीसी के सहयोग से बनेगा। 22 एकड़ क्षेत्रफल में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास विगत 15 नवम्बर 2012 को हुआ था।
देहरादून खेलों की दुनिया के नक्शे पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्टेडियम को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के हिसाब से बनाया जाएगा। ताकि देहरादून खेलों की दुनिया के नक्शे पर आ सके। स्टेडियम और उससे जुड़े स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों को भी प्रोत्साहित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम को पूर्ण रूप से ग्रीन बिल्डिंग कांसेप्ट व ईको फ्रेंडली बनाने पर बल दिया है। बैठक में अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा, ओएनजीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुधीर वासुदेवा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।