-वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। यूकाॅस्ट झाझरा में छठा अंतरराष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव का आगाज हो गया है। वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने महोत्सव का शुभारंभ किया।
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि भारत की विश्व स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा के पीछे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ज्ञान ऐसी संपत्ति है जो बांटने से बढ़ती है। हर व्यक्ति किसी भी आयु में सीख सकता है।
हेस्को के संस्थापक पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी ही किसी राष्ट्र की आर्थिक प्रगति का आधार है। यूकाॅस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने बताया कि संस्था जन-जन को विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ने का कार्य कर रही है।
पहले दिन साइंस पोस्टर प्रतियोगिता, यंग साइंटिस्ट एवं स्टार्टअप कॉन्क्लेव और रोबोटिक्स तथा एयर मॉडलिंग कार्यशाला आयोजित हुईं। 2000 से अधिक छात्रों ने साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी का भ्रमण किया। यह आयोजन आगामी दो दिनों तक चलेगा, जिसमें आमजन के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विकास में योगदान देने वाली वैज्ञानिक संस्थाओं के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। इसमें डॉ. हरिंदर सिंह बिष्ट, नीरज कुमार शर्मा, डॉ. संदीप सिंघल, डॉ. नृपेंद्र चौहान, पंकज यादव, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. गौरव शर्मा, ज्ञान भद्र कुमार शामिल हैं।