देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने रविवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर राज्य में बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मौसम पूर्वानुमान, संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, सड़क संपर्क, नदियों के जलस्तर, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। सचिव ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि मौसम विभाग द्वारा जारी प्रत्येक चेतावनी पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं, सड़क निर्माण कार्यों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए खराब मौसम के दौरान आवश्यकतानुसार कार्य स्थगित करने के भी निर्देश दिए हैं।
-
राज्य में 58 मार्ग पर आवाजाही ठप
देहरादून। राज्य में भूस्खलन समेत अन्य कारणों से 28 मार्ग बंद हैं। इसमें अल्मोड़ा दो, बागेश्वर, देहरादून और चमोली में छह-छह मार्ग बंद हैं। नैनीताल में पांच, पौड़ी सात और पिथौरागढ़ में एनएच समेत 19 रास्तों पर आवाजाही ठप है। रुद्रप्रयाग में एक, टिहरी चार और उत्तरकाशी में दो मार्ग बंद हैं।