- कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बिना तैयारी के पहुंचे अधिकारियों को लगाई फटकार
मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बिना तैयारी के पहुंचे अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। आगामी बैठक में तैयारी के साथ पहुंचने के निर्देश दिए। मालरोड में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने को कहा।
कैबिनेट मंत्री ने मंगलवार को नगर पालिका सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें बिजली, पानी, सड़क, ट्रैफिक के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जल निगम के ईई को बिना तैयारी के पहुंचने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने शहर में चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट बुधवार को देने के निर्देश दिए है।
सभासद विशाल खरोला ने कहा कि उनके वार्ड में यमुना पेयजल योजना का पानी नहीं मिल रहा है। सभासद पवन थलवाल ने कहा कि सुमित्रा भवन में डेढ़ सौ से अधिक परिवार सीवर योजना के लाभ से वंचित हैं। कैमल बैक क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाई गई लेकिन एसटीपी आज तक नहीं बनाई गई है। जनप्रतिनिधि गौरव गुप्ता ने कहा कि कुलड़ी क्षेत्र में पानी की समस्या है लेकिन निस्तारण नहीं हो रहा है। मैसानिक लाॅज बस अड्डे के निकट सड़क की रेलिंग टूटी है। पूर्व में हादसा हो गया था उसके बाद भी क्राॅस बैरियर नहीं लगाया गया। सभासद अमित भट्ट ने कहा कि मालरोड के सौंदर्यीकरण के नाम पर सात करोड़ खर्च हो गया लेकिन वहां नाली कई जगह नहीं बनाई गई है। बारिश होने पर सड़क पर जलभराव हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मालरोड को माल कमाने का जरिया बनाया गया है। मंत्री ने कहा कि मालरोड मसूरी का ह्रदय है। इसको ठीक किया जाए। जिस ठेकेदार ने मालरोड को बनाया है उसको ब्लैकलिस्ट किया जाए। इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, एसडीएम राहुल आनंद, डीएफओ अमित कंवर, सीओ मनोज असवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल आदि मौजूद रहे।
किंग्रेग पुरानी पार्किंग में अवैध कब्जे हटाने के निर्देश
सभासद बबिता मल्ल ने कहा कि लोनिवि की सड़कों का बुरा हाल है। लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। सिविल अस्पताल रोड गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस पर मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने कहा कि लंढौर भू-धसाव क्षेत्र का अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करें। किंग्रेग पुरानी पार्किंग में अवैध कब्जे को हटाए जाएं। मंत्री ने एमडीडीए के अधिकारियों को लंढौर गुरुद्वारा चौक, सुवाखोली, बुरांशखंडा सहित विभिन्न क्षेत्र में हवाघर बनाने और ईको पार्क के टेंडर लगाने साथ ही उप जिला चिकित्साल में पोस्टमार्टम हाउस बनाने के निर्देश दिए। वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि भिलाड़ू में खेल स्टेडियम बनाने में आ रही परेशानियों को दूर करें। साथ ही जंगल और नालों में मलबा फेंकने वालों पर कार्रवाई करें। उन्होंने यातायात व्यवस्था को ठीक करने के लिए पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया।