जिलाधिकारी सोनिका ने जनसुनवाई कार्यक्रम में 103 शिकायतों की सुनवाई की। इसमें अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, अतिक्रमण, अवैध प्लॉटिंग की रहीं। डीएम ने ग्राम समाज की भूमि से अतिक्रमण हटाने के एसडीएम सदर और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए।
इसके अलावा जनसुनवाई में वर्चुअल माध्यम से न जुड़ने और बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने पर तहसीलदार त्यूणी से स्पष्टीकरण तलब किया गया। उन्होंने नगर निगम को रिकार्डरूम से सरकारी भूमि की जानकारी लेकर कार्रवाई को कहा। जनसुनवाई में कोटड़ा संतौर में ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण, ईस्टहोपटाउन विकासनगर में भूमि पर कब्जे की शिकायत मिलने पर उप जिलाधिकारी विकासनगर को कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, बंजारावाला में नगर निगम की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर उप जिलाधिकारी सदर एवं अपर मुख्य नगर अधिकारी को कार्रवाई के लिए कहा। पंडितवाड़ी में काश्तकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर भवन निर्माण तथा ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण कर रास्ता रोके जाने की शिकायत पर उप जिलाधिकारी सदर को कार्रवाई के निर्देश दिए। शास्त्रीनगर में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत पर एमडीडीए के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
-
अतिक्रमण ध्वस्त करने के दिए निर्देश
त्रिवेणीघाट में सरस्वती की धारा को जोड़ने वाले नाले पर अतिक्रमण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार ऋषिकेश को अतिक्रमण ध्वस्त करने के निर्देश दिए। विकासनगर क्षेत्र में नसबंदी योजना के तहत प्राप्त भूमि पट्टे पर ग्राम प्रधान की ओर से निर्माण न करने दिए जाने की शिकायत पर तहसीलदार विकासनगर को जांच करने को कहा। वहीं, एक बुजुर्ग महिला को पुत्रों द्वारा प्रताड़ित किये जाने की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक क्राइम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
ये शिकायतें भी आईं
जनसुनवाई में दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, इंश्योरेंश धोखाधड़ी, आपसी विवाद, नाली निर्माण करवाने, विद्युत बिल अधिक आने, कैफे में देर रात तक गाना बजाने, भरण पोषण तथा घर के आगे वाहन पार्क करने, सौर ऊर्जा संचालित हैंडपंप लगाने, घरों में गंदा पानी आने की शिकायतें प्राप्त हुईं।