दून अस्पताल में इंटरनेट बाधित होने की वजह से सोमवार सुबह ऑनलाइन पर्चे बनाने की व्यवस्था ठप हो गई। ऐसे में मरीजों और स्टाफ को काफी परेशानी हुई। काफी देर तक मरीज लाइन में लगे इंतजार करते रहे। सुबह 10 बजे के बाद जब इंटरनेट सुचारू हुआ तब जाकर परेशानी दूर हुई।
दरअसल शनिवार को हाफ डे और रविवार को अस्पताल की छुट्टी होने की वजह से सोमवार को मरीजों की अधिक भीड़ थी। ऐसे में सोमवार सुबह से ही अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, लेकिन इंटरनेट नहीं चलने के कारण पर्चा ही नहीं बन सका। दवा काउंटर से लेकर बिलिंग काउंटर पर मरीजों की लाइन लगी रही। कुछ कर्मचारियों ने मैन्युअली काम किया तो कुछ कर्मचारियों ने अपने मोबाइल से हॉट स्पॉट चलाकर इंटरनेट कनेक्ट किया और ऑनलाइन काम शुरू किया।
अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. धनंजय डोभाल ने बताया कि रविवार रात सर्वर डाउन की समस्या आई थी। सुबह भी इंटरनेट डाउन रहा। हालांकि स्टाफ ने मरीजों को परेशान नहीं होने दिया। सुबह 10 बजे के बाद से सर्वर सुचारू रूप से चलने लगा था।