सोमवार को उत्तराखंड के चमोली में बेंगलुरु के यात्रियों की इनोवा कार 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दौरान इनोवा में छह यात्री सवार थे, जिसमें से चार यात्री बुरी तरह से घायल हो गए।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि हादसा बदरीनाथ हाईवे पर लंगासु के समीप शाम करीब चार बजे हुआ। सभी लोग बद्रीनाथ यात्रा पर जा रहे थे। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू किया गया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, कोटद्वार में भी एक बस खाई में गिर गई। हादसे में चालक सहित कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह कोटद्वार-रिखणीखाल मोटर मार्ग पर ढौंटियाल के पास हुआ।
जहां जीएमओयू की बस संख्या यूके12पीबी0061 खाई में गिर गई। हादसे में कुछ यात्रियों के घायल होने की सूचना है। बस चालक को भी चोट आई है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद कोटद्वार से 108 मौके के लिए रवाना हो गई है। बस के अंदर 24 लोग सवार थे।