- नगर कोतवाली क्षेत्र की घटना, दादा और एक युवक गंभीर घायल
- मोटरसाइकिल पर देहरादून से बिजनौर लौटते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में सप्तऋषि फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो साल के मासूम ध्रुव की मौत हो गई। बच्चे के दादा और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए वाहन को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर की है। नरपट सिंह पुत्र श्यामपुर सिंह निवासी मुबारकपुर जिला बिजनौर अपने पोते ध्रुव (2) और एक अन्य युवक अर्जुन के साथ मोटरसाइकिल पर देहरादून से अपने घर लौट रहे थे। सप्तऋषि फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचते ही सामने से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में मासूम ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। नरपट सिंह और अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत स्थिर बताई है। वहीं टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करते हुए वाहन की पहचान की जा रही है।