कश्मीरी छात्रों के आतंकी गुट से प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं। आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) की पहल पर एलआईयू ने जिले में अध्ययनरत 42 छात्रों का ब्योरा जुटाकर प्रदेश मुख्यालय को भेज दिया है। खुफिया एजेंसियां फेरी लगाने वाले कश्मीरी युवकों पर भी विशेष नजर रख रही है।
देहरादून के छात्र के आतंकी गुट में शामिल होने और देश के अन्य कॉलेजों से गंभीर इनपुट मिलने पर आईबी के अधिकारी कश्मीरी छात्रों की गतिविधियों को लेकर गंभीर हो गए हैं। आईबी ने पुलिस के खुफिया अधिकारियों से प्रदेश में रहने वाले कश्मीरी लोगों का विवरण मांगा है। इसी के तहत एलआईयू ने जिले में अध्ययनरत छात्रों का ब्योरा जुटाने के लिए विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों और संस्था के प्रमुखों को पत्र भेजा है।
एमबीपीजी कॉलेज के शिक्षक एचएस भाकुनी ने भी एलआईयू की ओर से पत्र भेजे जाने की पुष्टि की है। पता चला है कि आईबी छात्रों के मोबाइल कॉल और मैसेज पर भी ध्यान रख रही है। उधर, आईबी ने फेरी लगाने वाले कश्मीरी युवकों की भी जांच करने की सलाह दी है।