सोमवार को भारत-नेपाल सीमा पर बने झूलापुलों को एसएसबी ने सील कर दिया है। आगामी कुछ दिनों के लिए सीमा पर दोनों देशों के लिए आवाजाही बंद रहेगी।
नेपाल में 28 जून को होने वाले दूसरे चरण के निकाय चुनाव को देखते हुए सोमवार सुबह से अंतरराष्ट्रीय झूलापुल बंद कर दिए गए। बनबसा से लगती नेपाल सीमा को भी सील कर दिया गया है। झूलापुल बंद होने से धारचूला, झूलाघाट, जौलजीबी और बलुवाकोट बाजार में सन्नाटा पसरा है।
इन बाजारों में नेपाल के गांवों से रोजाना तीन से चार हजार लोग खरीदारी के लिए आते हैं। भारतीय क्षेत्र से भी कई लोग नेपाल के बाजार में खरीदारी के लिए जाते हैं। पुल बंद होने से दोनों देशों के बीच आवाजाही बंद हो गई है। अब 29 जून की सुबह पुल खुलने के बाद ही आवाजाही शुरू हो पाएगी।
धारचूला में एसएसबी के जवानों ने सोमवार सुबह सात बजे पुल पर ताले डाल दिए। उससे पहले एक घंटे तक पुल को आवाजाही के लिए खोला गया था, लेकिन सुबह बहुत कम संख्या में लोग भारतीय बाजारों में आए।