भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास के लिए भारतीय सेना की 14 डोगरा बटालियन के जांबाज इंग्लैंड पहुंच गए हैं। दोनों देशों की सेनाओं के बीच आज 13 फरवरी से संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास शुरू हो जाएगा।
अजेय वॉरियर 2020 के नाम के इस युद्धाभ्यास में भारतीय सेना से इस बार 14 डोगरा बटालियन हिस्सा लेगी। युद्धाभ्यास के दौरान सेनाएं जहां एक दूसरे के युद्ध कौशल और तकनीक साझा करेंगे, वहीं आतंकवाद और आंतरिक विद्रोह जैसी वैश्विक समस्या से निपटने के गुर भी सीखेंगी।
यहां घिंघारीखाल स्थित 14 डोगरा रेजीमेंट के कमान अधिकारी कर्नल अमित सैनी ने बताया कि रेजीमेंट के जांबाज इंग्लैंड पहुंच गए हैं। 13 फरवरी से वहां युद्धाभ्यास शुरू हो जाएगा। यह युद्धाभ्यास 26 फरवरी तक चलेगा। यह युद्धाभ्यास यूएन चार्टर के अधीन होगा।