फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

04 नवंबर को इंडियन आइडल फेम चारु देहरादून में बिखेरेंगी आवाज का जादू

Wed, 01 Nov 2017 02:25 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
charu semwal
विज्ञापन
चार नवंबर को राजधानी के पवेलियन मैदान में द्वितीय उत्तराखंड उदय सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें लोक संस्कृति से जुड़े तमाम बड़े कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस बार इंडियन आइडल फेम बॉलीवुड गायिका चारु सेमवाल आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को उत्तराखंड उदय सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
विज्ञापन


चार नवंबर को सांस्कृतिक महोत्सव में पद्मश्री बसंती बिष्ट, लोकप्रिय गायिका संगीता ढौंडियाल, प्रसिद्ध गायक रजनीकांत सेमवाल, जौनसारी गायक सनी दयाल, गायिका रेखा धस्माना उनियाल, पूनम सती, हेमा करासी, ओम बधाणी, शाश्वत पंडित और अमित सागर सुरों का जादू बिखेरेंगे। वहीं, डॉ. राकेश भट्ट के निर्देशन में उत्सव ग्रुप की टीम भी प्रस्तुति देगी। इसके अलावा इंडियन आइडल फेम चारु सेमवाल अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।

साथ ही उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में फैशन शो भी आयोजित होगा। वरदान संस्था के अध्यक्ष विनोद रावत ने बताया कि फैशन शो के लिए तीन नवंबर को राजधानी में ऑडिशन होंगे। यहां से चुने जाने वालों को ही चार नवंबर को मंच पर मॉडलिंग का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में पहाड़ी पकवानों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इस दौरान पहाड़ की परंपरागत ड्रेस पहनकर आने वाले तीन दर्शकों को भी आकर्षक उपहार दिए जाएंगे।
विज्ञापन


25 को सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में ऑडिशन
विकास फाउंडेशन, वरदान और अमर उजाला की ओर से पवेलियन मैदान में आयोजित होने वाले महोत्सव में बड़े प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ ही नए कलाकारों को भी प्रस्तुति का मौका मिलेगा। विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास नेगी ने बताया कि 25 अक्तूबर को राजधानी के हरिद्वार बाईपास स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में ऑडिशन होंगे। ऑडिशन सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। यहां से चुने गए कलाकारों को तीन नवंबर को मेगा ऑडिशन में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। अंतिम तौर पर चुने कलाकार चार नवंबर को लाइव प्रस्तुति देंगे। विजेताओं को आकर्षक नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।

इन क्षेत्रों में मिलेंगे पुरस्कार
विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास नेगी ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को उत्तराखंड उदय सम्मान भी प्रदान किया जाएगा। शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्वरोजगार, खेल, साहित्य, कला एवं शिल्प, पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा स्टार्टअप, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अवॉर्ड, डिजिटल इंडिया अवॉर्ड के लिए भी आवेदन करना होगा। विशेष सहयोगियों को पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।

ऐसे करें सम्मान के लिए आवेदन
द्वितीय उत्तराखंड उदय सम्मान के लिए विस्तृत बायोडाटा, अब तक किए गए कार्यों, उपलब्धियों का ब्योरा और उनसे जुड़े दस्तावेज लिफाफे में डालकर ‘अमर उजाला कार्यालय, शेड नंबर-2 पटेलनगर, देहरादून, पिन-248001’ के पते पर भेज दें। लिफाफे के ऊपर द्वितीय उत्तराखंड उदय सम्मान और आवेदन की कैटेगरी अनिवार्य रूप से लिखें। आवेदन की अंतिम तिथि एक नवंबर 2017 है। किसी भी तरह की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9760757378 पर संपर्क किया जा सकता है।

पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चे लेंगे हिस्सा
तीन नवंबर को स्कूली बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 100 स्कूलों के 2000 हजार से अधिक बच्चे शामिल होंगे। अलग-अलग विषयों पर बच्चों को अपनी कल्पनाओं के रंग बिखेरने होंगे, जिसके विजेताओं को आकर्षक उपहार और नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बड़ी संख्या में सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को विकास फाउंडेशन, वरदान और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

परेड मैदान में सजेगी सुरों की महफिल
पिछले दो वर्षों की तरह इस बार भी अमर उजाला राज्य स्थापना की 17वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाएगा। नौ नवंबर को दून के परेड ग्राउंड में 18वें राज्य स्थापना दिवस का मुख्य जश्न धूमधाम से मनाया जाएगा। नौ नवंबर को सुप्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर परेड मैदान में आयोजित होने वाले उत्तराखंड उदय कार्यक्रम में जनता से रूबरू होंगे। उत्तराखंड की स्थापना के जश्न के मौके पर परेड ग्राउंड में सुरों की महफिल भी सजेगी, जिसमें बॉलीवुड के कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में कैलाश खेर सहित कई अन्य विभूतियों को उत्तराखंड उदय रत्न सम्मान से नवाजा भी जाएगा। 

एक से नौ नवंबर तक आयोजित होने वाले उत्तराखंड उदय महोत्सव के अंतर्गत नौ नवंबर को बॉलीवुड नाइट आयोजित होगी। कार्यक्रम में एंट्री केवल पास के जरिये ही मिलेगी। यह पास एक नवंबर के बाद अमर उजाला कार्यालय से लिए जा सकते हैं। उत्तराखंड राज्य का विधिवत गठन नौ नवंबर 2000 को हुआ था। अमर उजाला ने दो वर्ष पूर्व राज्य स्थापना दिवस को आमजन के सहयोग से प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर मनाने की शुरुआत की थी। मंशा यह थी कि हम अपने राज्य की हर वर्षगांठ वैसे ही मनाएं, जैसे हम अपने किसी परिजन का जन्मदिवस मनाते हैं। इसी क्रम में पिछले साल भी व्यापक पैमाने पर पूरे राज्य में सेलीब्रेशन हुए थे। पवेलियन ग्राउंड में रंगारंग कार्यक्रम के दौरान 17वें स्थापना दिवस पर 17 फीट का केक काटा गया था। इस वर्ष 18 फीट का केक काटकर खुशी का इजहार किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत एक  नवंबर को कचहरी स्थित शहीद स्थल पर पुष्पांजलि कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें उन शहीदों को भावपूर्ण श्रृद्धांजलि दी जाएगी, जिनके  प्रयासों से पहाड़ के लोगों को अपना राज्य मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें