जौलीग्रांट एयरपोर्ट के आसमान का चक्कर लगाकर सेना के चार लड़ाकू विमान बिना लैंडिंग किए वापस लौट गए। विमानों की तेज आवाजों से क्षेत्र में गड़गड़ाहट की आवाज गूंज उठी। सुबह लोगों ने घरों की छतों से विमानों की आवाजाही को देखा।
सेना के लड़ाकू विमानों की आवाजाही लोगों के लिए दूसरे दिन भी कौतूहल भरी रही। इससे पहले बृहस्पतिवार को भी सेना के लड़ाकू विमान आसमान में उड़ते दिखाई दिए। इसके अलावा विशालकाय मालवाहक ग्लोबमास्टर-सी 17 विमान जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरा था।
शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे एक बार फिर से सेना के लड़ाकू विमान डोईवाला जौलीग्रांट के आसमान पर तेज गति से मंडराते हुए नजर आए। बेहद तेज आवाजों के साथ विमानों ने एयरपोर्ट के आसपास का चक्कर लगाया।
विमानों की आवाजाही को देखने के लिए लोग घरों की छतों पर खड़े रहे। इस दौरान लोगों ने सेना की ताकत को देखकर तालियां बजाकर उत्साह दिखाया। कुछ देर में एयरपोर्ट के आसपास का चक्कर लगाकर लड़ाकू विमान वापस लौट गए। विमानों की आवजाही को लेकर लोग आपस में चर्चाऐं करते दिखाई दिए।