डेढ़ वर्ष पहले रोजगार के लिए मलयेशिया गया सितारगंज क्षेत्र का युवक दस माह से वहां की जेल में बंद है। मलयेशिया की अदालत में गुहार लगाने के बाद भी युवक को नहीं छोड़ा गया। युवक के भाई ने अब विदेश मंत्री से झूठे केस में फंसे भाई को वहां की जेल से छुड़ाने की गुहार लगाई है।
ऊधमसिंह नगर के ग्राम कौंधाअसरफ निवासी गौरव कुमार पुत्र रामगोपाल ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को सितारगंज एसडीएम के जरिए शनिवार को भेजे ज्ञापन में कहा कि उसका भाई दिनेश कुमार डेढ़ वर्ष पहले रोजगार के लिए मलयेशिया गया था।
हॉस्पिटल में करता था काम
वहां ग्लोबल केयर टेकर हॉस्पिटल में काम करता था। हॉस्पिटल के मालिक से उसके भाई दिनेश का किसी काम को लेकर विवाद हो गया। इस पर हास्पिटल के मालिक ने पुलिस की मदद से उसके भाई को झूठे केस में फंसवाकर जेल भिजवा दिया।
आरोप है कि हॉस्पिटल के मालिक ने दिनेश को जेल से छुड़वाने के एवज में मोटी रकम की मांग की है, जिसे देने में परिजन असमर्थ हैं। परिजनों ने अब विदेश मंत्री से दिनेश को जेल से छुड़ाए जाने की गुहार लगाई है।