सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवाणे
- फोटो : पीटीआई
थल सेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने बुधवार को उत्तराखंड के चमोली जिले से लगे भारत चीन सीमा क्षेत्र और अग्रिम चौकियों का हवाई निरीक्षण किया। वे रात्रि विश्राम जोशीमठ में करेंगे और बृहस्पतिवार को औली पहुंचेंगे। इसके बाद थल सेना अध्यक्ष दिल्ली लौट जाएंगे।
बुधवार दोपहर करीब बारह बजे थल सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे सेना के हेलीकॉप्टर से सीमा क्षेत्रों के निरीक्षण करने पहुंचे। उनके हेलीकॉप्टर के बदरीनाथ के माणा गांव में स्थित सेना के हेलीपैड पर उतरने का कार्यक्रम था।
इसके लिए सेना और आईटीबीपी ने तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन थल सेना अध्यक्ष का हेलीकॉप्टर यहां नहीं उतरा और सीधे सीमा क्षेत्र की ओर चला गया। थल सेनाध्यक्ष ने माणा पास में सेना की चौकियों का निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने नीती घाटी में नीती पास, रिमखिम में भारतीय सीमा चौकियों का हवाई निरीक्षण भी किया। इसके बाद थल सेना अध्यक्ष का हेलीकॉप्टर जोशीमठ स्थित सेना के ब्रिगेड हेडक्वाटर के हेलीपैड पर उतरा। चमोली के पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि थल सेनाध्यक्ष जोशीमठ में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
बृहस्पतिवार को वे औली जाएंगे। बता दें कि चीन सीमा करीब 90 किलोमीटर तक चमोली जिले में है। जिले की नीती घाटी में स्थित नो मेंस लैंड बाड़ाहोती क्षेत्र में चीनी सैनिक कई बार घुसपैठ की कोशिश कर चुके हैं। यहां अग्रिम चौकियों में आईटीबीपी तैनात है।