सुरक्षित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए रविवार शाम पांच बजे से भारत-नेपाल सीमा 72 घंटे के लिए सील कर दी गई है।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि रविवार शाम पांच बजे से 15 फरवरी की शाम पांच बजे तक के लिए सीमा को सील किया गया है। इस दौरान दोनों देशों के बीच सामान्य आवाजाही बंद रहेगी। बीमार एवं अन्य आपात स्थिति में गहन जांच-पड़ताल के बाद ही किसी को आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
सीओ ने बताया कि एसपी के निर्देश पर सीमा सील कर बार्डर में फोर्स तैनात कर दिया गया है। एसएसबी के अलावा सीआईएसएफ और पुलिस की बार्डर पर पैनी नजर है। खुफिया टीम को भी निगरानी में लगाया गया है। एसएसबी के जवानों ने डॉग स्क्वायड दस्ते के साथ बार्डर क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग शुरू कर दी है।
उधर, ब्रह्मदेव (नेपाल) के थाना इंचार्ज लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि नेपाल की ओर भी सीमा पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। शाम पांच बजे बाद से भारत से लगे नेपाल के सीमांत कस्बों में शराब की दुकानें बंद करा दी गई है, जो 15 फरवरी की शाम तक बंद रहेंगी।
एसएसबी 57वीं वाहिनी एफ कंपनी के प्रभारी असिस्टेंट कमांडेंट सी मगेश ने बताया कि रविवार शाम पांच बजे के बाद सीमा सील कर दी है। धनुषपुल स्थित डी कंपनी के प्रभारी कमांडर एसआई अरुण कुमार ने बताया कि गढ़ीगोठ सीमा पर स्थित नेपाल जाने वाले चांदनी, दुधारा गांव मार्ग को भी रविवार की शाम पांच बजे बाद सील कर दिया गया है। बताया कि 14 फरवरी की शाम पांच बजे से 15 फरवरी की शाम पांच बजे तक सीमा पर पैदल आवाजाही पर भी रोक रहेगी।