सोमवार को नेपाल सरकार के संघीय मामलों और सामान्य प्रशासन मंत्री गणेश सिंह ठगुन्ना दार्चुला पहुंचे। उनके स्वागत के लिए नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी ने सभा और रैली का आयोजन किया था। जिसमें मुख्य रुप से नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी दार्चुला के सभापति गणेश खत्री और स्थानीय विधायक गैलबू सिंह बोहरा के नेतृत्व में लगभग 370 कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान खलंगा खुला मंच में सभा का आयोजन किया गया, जिसमें नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के दार्चुला के सभापति गणेश खत्री ने भी कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा को भारत से वापस लाने के लिए पूरे जिले की जनता से एक साथ खड़े रहने को कहा।
केंद्रीय मंत्री ठगुन्ना ने भी स्थानीय जनता को केपी शर्मा ओली के कामकाज में भरोसा रखने की अपील की। भारतीय सीमा से लगे भारत-नेपाल के बीच रोटी-बेटी के रिश्ते हैं। दोनों देशों के लोग इस तरह का विवाद नहीं चाहते हैं। इस तरह की भड़काऊ बयानबाजी से फिर से संबंधों में खटास आने की आशंका बढ़ गई है।