देश में वर्ष 2021 से 2023 के मध्य वन और वृक्ष आवरण में 1445 वर्ग किमी की बढ़ोतरी दर्ज हुई। देश के चार राज्य मध्य प्रदेश, कर्नाटक, लद्दाख और नगालैंड में सबसे अधिक वन और वृक्ष आवरण घटा है जबकि उत्तराखंड समेत कई अन्य राज्यों में भी कमी देखी गई है।
छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और राजस्थान देश में अधिकतम वन और वृक्ष आवरण में बढ़ोतरी वाले राज्य हैं। यह खुलासा शनिवार भारत वन स्थिति रिपोर्ट-2023 की रिपोर्ट में हुआ। केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम में रिपोर्ट जारी की। बता दें कि देश में वन और वृक्ष आवरण 8,27,357 वर्ग किमी है, जो कुल भौगोलिक क्षेत्र का 25.17 प्रतिशत है।
रामसर साइट के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया गया
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री यादव ने कहा कि वन और वृक्ष आवरण में बढ़ोतरी हुई है, इसमें भी सघन वन बढ़े हैं। यह अच्छा संकेत है। इस रिपोर्ट के जारी होने से जन-जागरूकता बढ़ती है। इसके अलावा वन विभाग और अन्य संस्थान शोध कार्य के लिए प्रेरित होते हैं। सतत विकास में वन विभाग महत्वूपर्ण भूमिका निभाएगा। केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि प्रोजेक्ट डॉल्फिन के तहत डॉल्फिन में टैगिंग करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। रामसर साइट (आर्द्रभूमि) के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया गया है।
इससे पूर्व एफएसआई के महानिदेशक अनूप सिंह ने रिपोर्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह और मंत्रालय की सचिव लीना नंदन, डीजी फॉरेस्ट जितेंद्र कुमार समेत अन्य वन विभाग के अधिकारी आदि मौजूद थे।
कार्बन स्टॉक में 81.5 मिलियन टन की बढ़ोतरी
देश के कार्बन स्टॉक में 81.5 मिलियन टन की बढ़ोतरी हुई। देश में बांस का क्षेत्रफल भी बढ़ा है। वर्ष-2021 की तुलना में बांस क्षेत्र में 5,227 वर्ग किमी की बढ़ोतरी हुई है।
ये भी पढ़ें...अमर उजाला ज्योतिष महाकुंभ: जानें अपने ग्रह की चाल और वास्तु, जुटेंगे देश के ख्यातिप्राप्त ज्योतिषी
प्रमुख बिंदु
- क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे अधिक वन एवं वृक्ष आवरण वाले शीर्ष तीन राज्य मध्य प्रदेश (85,724 वर्ग किमी), अरुणाचल प्रदेश (67,083 वर्ग किमी), महाराष्ट्र (65,383 वर्ग किमी) हैं।
- 19 राज्यों-केंद्र शासित क्षेत्रों में 33 प्रतिशत से अधिक भौगोलिक क्षेत्र वन आवरण के अंतर्गत हैं। मिजोरम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर में 75 प्रतिशत से अधिक वन आवरण है।
- सबसे अधिक जंगल की आग के अलर्ट उत्तराखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से आए हैं।