एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कालसी में संविदा पर तैनात शिक्षिकों ने सेवा समाप्ति के विरोध में बुधवार को अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से विद्यालय में कार्य कर रहे थे, लेकिन उन्हें नियमित करने की बजाय मनमाने ढंग से 30 मई को उनकी सेवा समाप्त कर दी गई।
शिक्षकों ने बताया कि वे लोग करीब 13 वर्ष से विद्यालय में संविदा पर कार्यरत हैं। उनके कार्यकाल के दौरान विद्यालय का परीक्षा फल शत-प्रतिशत प्रतिशत रहा है। उन्होंने बताया कि एकलव्य विद्यालय संगठन समिति ने वर्ष 2021 में संविदा शिक्षकों के विनियमितीकरण का प्रस्ताव पारित किया था। उसके बाद से इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई। वहीं, देश के अन्य राज्यों में एकलव्य विद्यालयों के संविदा शिक्षकों को नियमित किया जा चुका है। संविदा शिक्षकों की मांग है कि शीघ्र उनका विनियमितीकरण किया जाए। प्रधानाचार्य शशि कला कठैत का बताया कि उन्होंने संविदा शिक्षकों के धरने के बारे में उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में विपिन शर्मा, हर्षवर्धन डोभाल, सुनील सिंह, अतुल, मनीषा प्रधान, सरजू कुमार, कीर्ति, सचिन चमोली, चंद्र मोहन शर्मा, देवेश पंवार आदि शामिल हैं।